Sunday, 10 January 2016

14वाँ प्रवासी भारतीय दिवस का आयोजन


अभी तक प्रवासी भारतीय दिवस का आयोजन काफी वृहद स्तर पर होता था लेकिन वर्ष 2016 का यह संस्करण संक्षिप्त स्तर पर आयोजित किया गया। दरअसल पिछले साल केन्द्र सरकार ने निर्णय लिया था कि प्रत्येक दूसरे प्रवासी भारतीय दिवस को छोटे स्वरूप में आयोजित किया जायेगा। पिछले वर्ष (2015 में) इसका वृहद संस्करण गाँधीनगर (गुजरात) में आयोजित किया गया था। इसलिए इस बार प्रवासी भारतीय दिवस का संक्षिप्त संस्करण आयोजित किया गया। इसके अलावा यह पहला मौका था कि इस आयोजन को विदेश मंत्रालय (MEA) ने आयोजित किया। अभी तक इसे प्रवासी भारतीयों के मंत्रालय (Ministry of Overseas Indian Affairs – MOIA) द्वारा आयोजित किया जाता था लेकिन सरकार द्वारा हाल ही में इस मंत्रालय का विदेश मंत्रालय में विलय करने के प्रस्ताव को पारित किए जाने के बाद यह आयोजन विदेश मंत्रालय की जिम्मेदारी बन गया है। वर्ष 2016 के इस प्रवासी भारतीय दिवस पर मुख्य कार्यक्रम विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का सम्बोधन रहा जिसे दुनिया भर में स्थित भारतीय दूतावासों द्वारा मिशनों में वेबकास्ट (Webcast) किया गया। इसके बाद कुछ चुनिंदा भारतीय मिशनों से वीडियो कांफ्रेंसिंग की गई। 9 जनवरी को प्रवासी भारतीय दिवस के रूप में इसलिए चयनित किया गया था क्योंकि वर्ष 1915 में इसी दिन भारत के सबसे प्रसिद्ध प्रवासी महात्मा गाँधी (Mahatma Gandhi) अपना ऐतिहासिक दक्षिण अफ्रीकी प्रवास पूरा कर भारत लौटे थे। वर्ष 2003 से हर साल प्रवासी भारतीय दिवस का आयोजन किया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment