कोलम्बिया (Colombia) के राष्ट्रपति जुआन मैन्युअल सैन्टॉस (Juan Manuel Santos) ने कार्टागेना (Cartagena) नामक देश के उत्तरी बंदरगाह शहर में यह घोषणा की कि उनके देश के खोजी दल ने 300 वर्ष से अधिक पुराने उस समुद्री खजाने को खोज निकालने में सफलता पाई गई है जिसे मानव इतिहास के सबसे बड़े डूबे खजाने के रूप में प्रचारित किया जाता रहा है। उल्लेखनीय है कि “सेन जोस” (“San Jose”) नामक स्पेनी जहाज जून 1708 के दौरान कोलम्बिया के कैरीबियाई तट के पास तब डूब गया था जब स्पेनी उत्तराधिकार युद्ध (Spanish Succession War) में ब्रिटिश जहाजों से स्पेन का युद्ध चल रहा था। यह स्पेनी खजाने को ले जा रहे बेड़े का प्रमुख जहाज था तथा स्पेन के अमेरिकी उपनिवेशों से भारी मात्रा में सोना, चाँदी, बहुमूल्य रत्न तथा अन्य महंगे पदार्थ प्राप्त कर उन्हें तत्कालीन सम्राट फिलिप पंचम (Philip V) को प्रदान करने के लिए अपनी यात्रा पर था। लगभग 600 लोगों से भरे इस जहाज के डूबते समय कुछ मुट्ठी-भर नाविक ही अपनी जान बचा पाए थे।
कोलम्बिया के एक दल ने इस डूबे जहाज को 27 नवम्बर 2015 को खोज निकाला। उल्लेखनीय है कि इस दल में कोलम्बिया के अलावा कई अन्य देशों के नौ-विज्ञान विशेषज्ञ भी शामिल थे तथा ऐसे लोग भी थे जिन्होंने एक और मशहूर जहाज “टाइटेनिक” (‘Titanic’) को 1985 में खोज निकाला था। इस खोज ने 300 वर्ष से अधिक पुराने इस समुद्री राज को अंतत: सुलझा लिया है।

No comments:
Post a Comment